Faridabad/Alive News: पुलिस आयुक्त सतेन्द्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में पुलिस स्मृति दिवस सप्ताह के अवसर पर डीएवी स्कूल, पुलिस लाइन फरीदाबाद में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और दौड़ जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन खेलों का उद्देश्य बच्चों में टीम भावना, आपसी सहयोग और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता के अंत में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस स्मृति दिवस (21 अक्तूबर) पुलिस बल के लिए एक अत्यंत भावनात्मक दिन है। यह दिवस उन 10 वीर पुलिस जवानों की याद में मनाया जाता है जिन्होंने वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में देश की रक्षा करते हुए शहीदी दी थी।
पुलिस स्मृति दिवस सप्ताह का उद्देश्य उन सभी पुलिस शहीदों को नमन करना है जिन्होंने कर्तव्य पालन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। यह सप्ताह पुलिस बल की एकता, समर्पण और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रतीक है।

