May 6, 2024

महिला समानता दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

Faridabad/Alive News : एनआईटी तीन फरीदाबाद स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जूनियर रेडक्रॉस, गाइड्स और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड ने प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता महिला समानता दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। प्राचार्य ने कहा कि महिला समानता दिवस को मनाने का विशेष उद्देश्‍य महिला सशक्तिकरण को बढ़ाना एवम उन्‍हें बढ़ावा देना है। साथ ही दूसरी ओर बढ़ रहे अत्‍याचार, भेदभाव, महिलाओं के प्रति यौन अपराध, बलात्‍कार, एसिड अटैक, जैसे कई विषयों पर लोगों को जागरूक करना है।

प्राचार्य ने बताया कि यदि देखा जाएं तो महिलाएं आज इन सभी चीजों से लड़कर लगातार आगे बढ़ रही है। कानून की नजर में भले ही महिला और पुरुष को बराबर का अधिकार मिला हुआ हो। लेकिन समाज में अभी भी महिलाओं को लेकर लोगों के मन में दोहरी मानसिकता होती है। उन्हें आज भी पुरूष के बराबर का अधिकार नहीं मिला है। महिला समानता के अधिकार की बात के लिए सबसे पहले अमेरिका की महिलाएं मुखर हुईं। कॉरपोरेट सेक्टर, बैंकिंग सेक्टर जैसे क्षेत्रों में इंदिरा नूई और चंदा कोचर जैसी महिलाओं ने अपना लोहा मनवाया है। इन कुछ उपलब्धियों के बाद भी देखें तो आज भी महिलाओं की कामयाबी आधी-अधूरी समानता के कारण कम ही है।

साक्षरता दर में महिलाएं आज भी पुरुषों से पीछे हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार महिलाओं की साक्षरता दर में 12 प्रतिशत की वृद्धि जरूर हुई है। आज प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा तथा कॉर्डिनेटर गणित प्राध्यापिका डॉक्टर जसनीत कौर ने कशिश, तबिंदा, नेहा, सृष्टि और सुमन को महिला समानता दिवस पर सुंदर अभिव्यक्ति के लिए सम्मानित किया।