June 12, 2026

दीपावली पर्व के मौके पर आर्थिक रूप से कमजोर तपेदिक के मरीजो को किया विशेष पोषाहार वितरण

Faridabad/Alive News: उपायुक्त विक्रम सिंह एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के मार्गदर्शन में दीपावली पर्व के मौके पर रेडक्रॉस भवन सेक्टर-12 फरीदाबाद में आर्थिक रूप से कमजोर तपेदिक के सौ मरीजों के लिए विशेष पोषाहार वितरण कार्यक्रम आयोजन किया | कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप सिविल सर्जन फरीदाबाद एवं जिला तपेदिक अधिकारी डॉ हरजिंदर सिंह ने शिरकत की। 

सर्वप्रथम मुख्य अतिथि डॉ हरजिंदर सिंह  ने टी बी के मरीजों को पोषाहार वितरण करते हुए अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि वर्ष 2025 तक भारतवर्ष को टीबी मुक्त बनाना है। अतः इस मुहिम को सार्थक करते हुए फरीदाबाद की स्वयंसेवी संस्था अहम भूमिका निभा रही है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में जगदीश सहदेव, संरक्षक रेडक्रॉस सोसायटी ने शिरकत की उन्होंने सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और तपेदिक मरीजों को दीपावली की शुभकामनाएं दी और अपने संबोधन में रोगियों से अपील करते हुए कहा कि तपेदिक के रोगी को दवाइयों का नियमित सेवन करना जरूरी है जिससे कि बीमारी से छुटकारा पाया जा सके। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जब भी जिला रेडक्रॉस सोसायटी समाज हित में ऐसे कार्यक्रम करेगी तो वे अपना पूर्ण सहयोग देंगे |

जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव बिजेंद्र सौरोत ने अपने संबोधन में बताया कि तपेदिक की बीमारी खतरनाक जरूर है, परन्तु लाइलाज नहीं है इस बीमारी का सफल इलाज यही है कि दवाई के साथ-साथ पौष्टिक आहार ले और समय-समय पर अपनी जांच कराए। उन्होंने बीमारी से बचाव के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह रोग एक खतरनाक संक्रामक रोग है सही समय पर इसका इलाज नहीं होने पर यह जानलेवा हो सकती है। इसलिए अपने आप को इस बीमारी की चपेट में आने से बचाने के लिए आपको इसके बारे में पूरी जानकारी होना बहुत जरूरी है।

 पुरुषोत्तम सैनी , कार्यक्रम संयोजक, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा मंच का संचालन करते हुए सभी तपेदिक रोगियों को माननीय प्रधानमंत्री के सपने के अनुसार वर्ष 2025 तक देश को टीबी मुक्त बनाने के लिए सभी उपस्थित तपेदिक रोगियों को शपथ दिलाई तथा बीमारी से बचाव के बारे में बताते हुए कहा कि तपेदिक कि बीमारी पैदा करने वाले बैक्टीरिया से लडने में लहसुन कारगर होता है, रोगाणुरोधी गुण से भरपूर लहसुन, प्रतिरक्षा प्रणाली को भी बढ़ावा दे सकता है, पुदीने में एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो तपेदिक से प्रभावित ऊतकों के उपचार में मददगार साबित हो सकते हैं इसी के साथ आंवला भी लेना चाहिए आंवले में जीवाणुरोधी गुण होते हैं।

इस मौके पर कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्वास्थ्य विभाग से डॉ धर्मवीर, टी बी समन्वयक साधना, सुमित, युवराज, सुशील, रामबरन यादव, राजेश कुमार, अशोक कुमार, अजय देव, रामकिशोर, बृजमोहन शर्मा, प्रेम, रानी, परवीन व अन्य रेडक्रॉस स्टाफ ने पूर्ण सहयोग दिया।