March 7, 2026

होली के अवसर पर 65 टीबी मरीजों को किया विशेष पोषाहार वितरित

Faridabad/Alive News: जिला रैडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा संचालित ‘अन्नदान–महादान’ मुहिम के तहत होली के पावन अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर 65 तपेदिक (टीबी) मरीजों को विशेष पोषाहार वितरित किया गया। यह कार्यक्रम उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रैडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में जिला रैडक्रॉस सोसाइटी और लायंस क्लब फरीदाबाद डैफोडिल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायंस क्लब अनिल अरोड़ा ने टीबी को पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी बताते हुए मरीजों से नियमित दवा सेवन की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में लायंस क्लब पूरा सहयोग देगा।

विशिष्ट अतिथि समाजसेवी श्रीराम ने वर्ष 2026 तक देश को टीबी मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यह लक्ष्य सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से ही संभव है। जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सचिव बिजेंद्र सौरोत ने समय पर दवा, पौष्टिक आहार और नियमित जांच को टीबी उपचार की कुंजी बताया।

विशेष अतिथि डॉ. एमपी सिंह ने संतुलित आहार के महत्व पर बल देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के स्वस्थ होने से ही सच्चा विकास संभव है। कार्यक्रम संयोजक पुरषोत्तम सैनी ने उपस्थित मरीजों को टीबी मुक्त भारत के लिए शपथ दिलाई और जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में कुमारी मधु भाटिया (जिला तपेदिक समन्वयक) ने बताया कि स्वयंसेवक समय-समय पर मरीजों को परामर्श व दवा सेवन की जानकारी देते हैं। संचालन हिमांशु भट्ट ने किया। इस अवसर पर पार्षद जसवंत पंवार सहित लायंस क्लब व रैडक्रॉस के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।