February 23, 2025

पीओजेके की मुक्ति 22 फरवरी एक संकल्प दिवस पर विशेष डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन

Faridabad/Alive News: जे.सी.बोस विश्वविद्यालय वाईएमसीए के संचार एवं मीडिया तकनीकी विभाग ने 22 फ़रवरी को अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर मीडिया विद्यार्थियों के लिए ‘भारत संकल्प’ विशेष डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष डॉ.पवन सिंह की गौरवमयी उपस्थिति में संकाय सदस्य और विद्यार्थियों के साथ अखंड भारत संकल्प दिवस विषय पर संक्षिप्त चर्चा के साथ हुई। इस अवसर पर सभी ने अखंड भारत संकल्प दिवस पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री जिसे प्रोजेक्ट के माध्यम से बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। डॉक्यूमेंट्री में भारत की सांस्कृतिक और राष्ट्रीय एकता को बाहरी शक्तियों द्वारा खंडित करने एवं भारतीय जनमानस के संघर्षों को रेखांकित करते हुए दर्शाया गया।

साथ ही अखंड भारत के संकल्प की पूर्णता हेतु पाकिस्तान और चीन के अवैध कब्ज़े से भारतीय क्षेत्रों की मुक्ति पर ज़ोर दिया। कार्यक्रम के अंत में संचार एवं मीडिया तकनीकी विभागाध्यक्ष डॉ.पवन सिंह ने अखंड भारत संकल्प दिवस विषय पर अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पीओजेके की मुक्ति- 22 फरवरी एक संकल्प का दिन है और भारत संपूर्ण जम्मू कश्मीर के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। जम्मू कश्मीर के जो हिस्से हमसे अलग हो गए हैं वो भारत का अभिन्न हिस्सा है। इसके लिए सभी अपने अपने तरीके से कार्य करना एवं सहयोग करना होगा और इस बात को याद रखना होगा। जिस देश के नागरिक उसके इतिहास को भूल जाते हैं वे कभी भविष्य निर्माता नहीं बन सकते।

उन्होंने विद्यार्थियों को इस विषय पर गहन चिंतन एवं जागरूकता के उद्देश्य से प्रेरित भी किया। डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन के उपरांत कश्मीर निवासी एवं पत्रकारिता में स्नातक कर रहे जीवेश मट्टू भावुक हो गए। उनका परिवार अखंड भारत के साथ साथ जम्मू कश्मीर के जो हिस्से हमसे अलग हो गए हैं वो भारत का अभिन्न हिस्सा है इसके लिए एक संकल्प लेकर तन मन धन से प्रयासरत है। क्योंकि वे सभी इस पीड़ा के भुक्तभोगी हैं। जीवेश ने आगे बताया कि कश्मीर से विस्थापित होने वाला उनका परिवार इसी उम्मीद में हैं कि कब वह अपनी मातृभूमि कश्मीर में वापिस जाएंगे और वहीं फिर से अपने पुश्तैनी मकान में अपने पुरखों की स्मृतियों के साथ रहेंगे।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी के नेतृत्व में किया गया। मंच संचालन तनिष्का नंदा ने किया। इस अवसर पर संचार एवं मीडिया विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. सोनिया हुड्डा, सहायक प्रोफेसर डॉ.राहुल आर्य, प्रॉडक्शन सहायक पंकज सैनी और काफी संख्या में मीडिया विद्यार्थी उपस्थित रहे। मीडिया विभाग द्वारा यह सराहनीय प्रयास विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक और शिक्षाप्रद अनुभव साबित हुआ।