Faridabad/Alive News: पुलिस महानिदेशक हरियाणा के आदेश और पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में, डीसीपी ट्रैफिक जयवीर राठी के नेतृत्व में फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने 5 सितम्बर से 14 सितम्बर तक विशेष अभियान चलाया।
अभियान का मकसद सड़क हादसों को रोकना, यातायात को सुचारू बनाना और लोगों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करना था। यह अभियान खासकर नेशनल हाईवे-44 और दुर्घटना संभावित स्थानों पर चलाया गया, जहां पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की।
इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने कुल 5081 चालान काटे। इनमें लेन ड्राइविंग के 4321 चालान, शोर प्रदूषण (डीजे, लाउडस्पीकर, बुलेट पटाखा, सायरन, प्रेशर हॉर्न) के 220 चालान और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के 540 चालान शामिल हैं।
डीसीपी जयवीर राठी ने लोगों से अपील की कि वे लेन ड्राइविंग करें, गाड़ियों में तेज आवाज वाले उपकरण न लगाएं और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह ट्रैफिक नियमों का पालन करे, ताकि “दुर्घटना मुक्त फरीदाबाद” अभियान सफल हो सके।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की सूचना देने या सहायता के लिए नागरिक 0129-2267201 या 112 पर कॉल कर सकते हैं। साथ ही फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस के X (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज पर भी जानकारी साझा कर सकते हैं।

