March 7, 2026

सूरजकुंड मेले के दौरान यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड मेले में आने वाले आगंतुकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष प्रबंध किए हैं। पुलिस द्वारा पार्किंग के लिए कुल 10 स्थान चिन्हित किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जारी की गई ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें, केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

इन मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित
डीसीपी ट्रैफिक मकसूद अहमद ने बताया कि मेले के दौरान 31 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक भारी और वाणिज्यिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध पाली से शूटिंग रेंज की ओर जाने वाली सड़क, अनखीर से सूरजकुंड जाने वाली सड़क, एनएचपीसी चौक से सूरजकुंड की ओर जाने वाली सड़क तथा प्रह्लादपुर दिल्ली बॉर्डर से सूरजकुंड की ओर जाने वाली सड़क पर लागू रहेगा।
हालांकि, आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन जैसे फल, सब्जी, दूध और दवाइयों की आपूर्ति करने वाले वाहन इन मार्गों से गुजर सकेंगे।

भारी वाहनों के लिए तय किए गए वैकल्पिक मार्ग
प्रतिबंधित मार्गों के दौरान फरीदाबाद पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए दिल्ली जाने वाले वाहन चालक सैनिक कॉलोनी मोड़ से अनखीर चौक होते हुए बड़खल मार्ग के जरिए दिल्ली जा सकते हैं। इसके अलावा सैनिक कॉलोनी मोड़ से प्याली चौक होते हुए बाटा चौक और मथुरा रोड के माध्यम से भी दिल्ली पहुंचा जा सकता है।
प्रह्लादपुर दिल्ली बॉर्डर और शूटिंग रेंज की ओर से सूरजकुंड आने वाले वाहन चालक सीधे सूरजकुंड न जाकर बदरपुर बॉर्डर के रास्ते फरीदाबाद में नेशनल हाईवे से प्रवेश करें। एनएचपीसी चौक से सूरजकुंड की ओर आने वाले वाहन भी शहर में प्रवेश के लिए नेशनल हाईवे का ही उपयोग करें।

ट्रैफिक सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी
किसी भी प्रकार की ट्रैफिक सहायता या जानकारी के लिए नागरिक फरीदाबाद ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 0129-2267201 और 0129-2225999 अथवा हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने लोगों से फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स (फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स) को फॉलो करने की भी अपील की है, ताकि समय-समय पर जारी ट्रैफिक अपडेट्स और सूचनाएं मिलती रहें।

सूरजकुंड मेले के लिए चिन्हित सामान्य पार्किंग स्थल
मेले में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग रोडी केसर स्टोन पार्किंग, ईरोज सिटी पार्किंग, हेलीपैड पार्किंग (शूटिंग रेंज मर्ज रोड), क्लासिक गार्डन के पास पार्किंग, जंगल फॉल पार्किंग, होटल विवांता ताज के सामने पार्किंग, राधा स्वामी सत्संग स्थल पार्किंग, होटल गोल्ड फिंच के सामने पार्किंग, राधा स्वामी सत्संग स्थल के सामने नगर निगम की भूमि पर पार्किंग और लेकवुड सिटी पार्किंग स्थल निर्धारित किये गए हैं।