May 19, 2024

टोक्यो ओलंपिक के मैदान पर बेटियों के बाद छाए बेटे, देश की झोली में आए कुल पांच मेडल

New Delhi/Alive News : टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने खेलों के दूसरे दिन ही भारत को पहला पदक दिलाया था। जिसके 14 दिन बाद अब भारत की झोली में पांच पदक आए हैं। वहीं दूसरा पदक भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने भारत की झोली में डाला था। इसके बाद लवलीना बोरगोहेन ने मुक्केबाजी में व्यक्तिगत ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

यह भारत के लिए तीसरा पदक था। गुरुवार को यानी आज भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली में चौथा पदक डाल दिया। वहीं, रवि कुमार दहिया की जीत के साथ भारत की झोली में दो सिल्वर समेत कुल पांच पदक हो गए हैं। हालांकि ‘खेलों के महाकुंभ’ में अभी भी कई इवेंट्स ऐसे हैं, जिसमें देश को कई खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद है।

मिली जानकारी के अनुसार टोक्यो ओलंपिक के पदक तालिका में भारत 65वें स्थान पर पहुंच गया है। वहीं चीन 74 (34 गोल्ड, 24 रजत और 16 कांस्य) पदकों के साथ पहले स्थान पर काबिज हैं। दूसरे स्थान पर अमेरिका है। इस देश के नाम 90 (29 गोल्ड, 34 रजत और 27 कांस्य) पदक दर्ज हैं जबकि तीसरे स्थान पर मेजबान जापान है। जापान के नाम 46 पदक दर्ज हैं, जिसमें 21 गोल्ड, 10 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज शामिल हैं। वहीं, चौथे स्थान पर 40 पदकों के साथ ऑस्ट्रेलिया (17 गोल्ड, 5 सिल्वर और 18 कांस्य) है। बता दें कि इस बार के ओलंपिक भारत की तरफ से अब तक का सबसे बड़ा दल पहुंचा है। इसमें कुल 127 खिलाड़ी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।