Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के गांव छांयसा में ससुर की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव छांयसा निवासी बिट्टू ने शिकायत दी थी कि 5 मार्च को उसके पिता गुलाब सिंह अपनी बेटी को लेने के लिए उसके ससुराल गांव छांयसा गए थे। जब गुलाब सिंह अपनी बेटी को लेकर जाने लगे तो दामाद परमजीत ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 7 मार्च को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई और जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 को सौंप दी गई।
क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए 8 मार्च को आरोपी परमजीत को उसके गांव छांयसा से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी को मायके भेजने के लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर ससुर और दामाद के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि मामले में आगे की पूछताछ की जा सके।

