Faridabad/Alive News: उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में जिला निर्वाचन कार्यालय और माय भारत फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में श्रीमती सुषमा स्वराज राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जॉइंट कमिश्नर एमसीएफ करण सिंह भदौरिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा उन्हें मतदान की शपथ दिलाई गई। जॉइंट कमिश्नर करण सिंह भदौरिया ने युवाओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती सक्रिय और जागरूक मतदाताओं पर निर्भर करती है।
जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान फर्स्ट टाइम वोटर्स को बैज पहनाए गए, नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया तथा पांच नए मतदाताओं को माय भारत की ओर से टी-शर्ट भेंट की गई। इसके अलावा “माय भारत–माय वोट” थीम पर पदयात्रा भी निकाली गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़कर लोकतांत्रिक सहभागिता को मजबूत बनाना रहा। बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में कॉलेज प्राचार्य रितिका गुप्ता सहित जिला निर्वाचन व युवा कार्यक्रम विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

