March 7, 2026

अहमदाबाद विमान हादसे की जांच में छह ब्लाइंड स्पॉट्स:फ्यूल स्विच कैसे बंद हुआ, पायलटों के बीच आखिरी बातचीत की टाइमिंग बदल सकती है थ्योरी

तस्वीर में बाईं तरफ एअर इंडिया की फ्लाइट का फ्यूल कंट्रोल स्विच है, जो क्रैश साइट पर मिला था। फ्यूल कंट्रोल स्विच विमान के कॉकपिट में थ्रस्ट लीवर के पास होते हैं।

Delhi/Alive News: अहमदाबाद में 12 जून को टेकऑफ के महज 32 सेकेंड के भीतर क्रैश हुई एअर इंडिया की फ्लाइट बोइंग एआई -171 की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट भले सार्वजनिक हो चुकी हो, लेकिन इसके नतीजों ने कई तीखे सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में विमानन दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी)अपनी अंतिम रिपोर्ट को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।

सूत्रों के अनुसार, जांच अब 6 ऐसे तकनीकी और प्रक्रियात्मक बिंदुओं पर केंद्रित की गई है, जिनमें कोई भी एक फैक्टर पूरे हादसे की प्रकृति बदल सकता है। दरअसल, शुरुआती रिपोर्ट में दोनों इंजनों के फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘रन’ से ‘कटऑफ’ स्थिति में जाने को हादसे की मुख्य वजह माना गया है।

मगर रिपोर्ट यह खुलासा नहीं करती कि ये स्विच पायलट ने घुमाए या किसी इलेक्ट्रोमैकेनिकल फेल्योर की वजह से ऐसा हुआ। अगर पायलट ने स्विच घुमाया होगा तो कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) में दोनों पायलटों के बीच बातचीत रिकॉर्ड हुई होगी।

यही वो सवाल है, जिसने जांच को छह ‘ब्लाइंड स्पॉट्स’ की ओर मोड़ दिया है।एएआईबी सूत्रों के अनुसार, इन छह ब्लाइंड स्पॉट्स में से हर एक का डेटा-कलेक्शन, विश्लेषण और क्रॉस-सिंक्रोनाइजेशन अंतिम रिपोर्ट का आधार बनेगा। 12 जून को प्लेन क्रैश में 270 लोगों की मौत हो गई थी।

वो 6 ब्लाइंड स्पॉट्स, जिससे हादसे की वजह पता चल सकती है-

  1. फ्यूल स्विच: ​कटऑफ की कमांड आखिर कैसे दी गई?
    फ्यूल देना (रन) या बंद करना (कटऑफ), इसके लिए टीसीबी (थ्रोटल कंट्रोल बॉक्स) यूनिट का डुप्लीकेट टेस्ट कराया जा सकता है, ताकि पता चले कि कटऑफ कमांड इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ी का नतीजा थी या पायलट का इनपुट?
  2. पायलटों के आखिरी संवाद की टाइमलाइन जांचनी होगी
    सीवीआर में दर्ज कम्यूनिकेशन से पता चला है कि पायलट के बीच फ्यूल स्विच को लेकर बातचीत हुई थी। एक पायलट ने पूछा था कि ‘आपने फ्यूल क्यों बंद किया?’ दूसरे ने कहा- ‘मैंने नहीं किया’। इसे समझने के लिए सीवीआर, एफडीआर (फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर) की टाइमलाइन समान होना जरूरी है। ताकि पता चले कि यह
  3. कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर में स्विच की आवाज है या नहीं?
    फ्यूल कंट्रोल स्विच घुमाने पर एक क्लिकिंग की आवाज आती है, जो सीवीआर (कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर) के एरिया माइक में दर्ज हो जाती है। अगर आवाज रिकॉर्ड नहीं हुई, तो इससे पता चलता है कि यह मैनुअली नहीं किया गया है।
  4. एफएए की एडवाइजरी का पालन किया गया था या नहीं?
    फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने 2018 में फ्यूल स्विच लॉकिंग मैकेनिज्म पर एडवाइजरी दी थी। जांच एजेंसी ने मेंटेनेंस रिकॉर्ड्स, सर्विस बुलेटिन लॉग्स, डीजीसीए से क्लीयरेंस कॉपी मांगी है। इसे नजरअंदाज करना गंभीर संचालन लापरवाही में आएगा।
  5. इंजन के वॉल्व कब खुले व बंद हुए, यह भी जांचना होगा
    इंजन में वॉल्व कब खुले-बंद हुए, किस सेंसर ने क्या संकेत दिया। प्रारंभिक रिपोर्ट में इसका कोई जिक्र नहीं है। सूत्र बताते हैं कि एएआईबी ने जीई व बोइंग से इन चैनलों का रॉ डेटा मांगा है। इन्हें विश्लेषण के लिए बेंगलुरु भेजेंगे।

6.एसपीओ के तहत पायलट की प्रतिक्रिया व्यावहारिक थी?
क्या स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसेड्यूर (एसपीओ) के अनुसार, 32 सेकेंड में किसी इंजन को फिर से स्टार्ट करने का प्रयास किया जाना चाहिए था? या इतनी कम विंडो में यह असंभव था? इसके लिए सिमुलेटेड कॉकपिट रीक्रिएशन (सिम चेक) कराया जाएगा।