September 13, 2026

पिता का एक्सीडेंट होने की बात कहकर कार में बैठाया, होटल में ले जाकर छात्रा से किया दुष्कर्म

Chandigarh/Alive News: रेवाड़ी में एक स्टूडेंट के साथ पिस्टल के बल पर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया हैं। आरोपी पिता का एक्सीडेंट होने की बात कहकर उसे अपनी कार में बैठा ले गया और फिर राजस्थान के टपूकड़ा रोड पर एक होटल में ले जाकर उसके साथ रेप किया। रेवाड़ी महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित छात्रा ने बताया कि वर्ष 2020 में जब वह दसवीं कक्षा में पढ़ती थी तो स्कूल से घर जाते समय मंजीत नाम का युवक उसका पीछा कर परेशान करता था। जनवरी 2021 में मंजीत ने एक मोबाइल देकर बात करने की धमकी दी। आरोपी ने बात नहीं करने पर उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी।

डर के कारण छात्रा ने किसी को कुछ नहीं बताया। मार्च 2021 में स्कूल से वापस लौटने के दौरान युवक ने उसके पिता का एक्सीडेंट होने की बात कहकर अपनी कार में बैठा लिया और पिस्टल दिखाकर चुप रहने की धमकी दी। आरोपी उसे राजस्थान के टपुकड़ा रोड स्थित एक होटल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी उसे गांव के निकट छोड़कर फरार हो गया।

खुद के साथ हुई वारदात की जानकारी छात्रा ने घर पहुंच कर परिजनों को जानकारी दी। शिकायत करने पर आरोपी युवक के माता-पिता ने माफी मांग ली थी। घटना के बाद छात्रा अपने मामा के घर चली गई। फरवरी माह में वह वापस अपने घर आई तो युवक ने फिर से उसे परेशान करना शुरू कर दिया। युवक आपराधिक किस्म का है और उस पर पहले भी कई मामले दर्ज है। छात्रा की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।