March 7, 2026

सूरजकुंड मेले में गायक अशोक मस्ती ने बांधा समां, गीतों पर झूमे दर्शक

Faridabad/Alive News: अशोक मस्ती ने सूरजकुंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले की शाम को पूरी तरह अपने नाम कर दिया। बड़ी चौपाल में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्होंने अपनी सुरीली आवाज और मस्ती भरे अंदाज से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए और पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा।

अशोक मस्ती ने पंजाबी गीतों के साथ-साथ हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गीत भी प्रस्तुत किए। जैसे ही उन्होंने याराना का मशहूर गीत “तेरे जैसा यार कहां” गाया, युवा दर्शक झूमने लगे और माहौल पूरी तरह संगीतमय हो गया।
उन्होंने अपने कार्यक्रम में दिग्गज कलाकारों अमिताभ बच्चन, राजेश खन्ना और शम्मी कपूर पर फिल्माए गए गीतों को भी अपनी शैली में प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया।

पंजाबी गीतों जैसे “दमादम मस्त कलंदर”, “इश्क मिठा” और अन्य लोकप्रिय गीतों पर लोग खुद को नाचने से रोक नहीं पाए।
उन्होंने राजा हिंदुस्तानी का “कितना सोणा तैनू रब ने बनाया”, “गुलाबी आंखें” और तीसरी मंजिल का “ओ हसीना जुल्फों वाली” जैसे सदाबहार गीत भी सुनाए, जिन पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और साथ-साथ गुनगुनाया।

अपने प्रदर्शन के दौरान अशोक मस्ती ने दर्शकों का अभिवादन किया और हरियाणा सरकार का धन्यवाद जताया। उन्होंने कहा कि इस मेले के माध्यम से कलाकारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच मिल रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान पूरा मेला परिसर संगीत, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया।