Chandigarh/Alive News: अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब हरियाणा में भी दिखने लगा है। राज्य में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई रोक दी गई है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने ऑयल कंपनियों से सिलेंडरों के स्टॉक और रोजाना खपत का डेटा मांगा है।
आने वाले दिनों में घरेलू गैस की सप्लाई पर भी असर पड़ सकता है। पहले हिसार, पंचकूला और पानीपत जैसे शहरों में गैस सिलेंडर 1–2 दिन में मिल जाता था, लेकिन अब डिलीवरी में करीब एक हफ्ते तक का समय लग रहा है।
तीनों तेल कंपनियों की रिपोर्ट के मुताबिक:
इंडियन ऑयल के पास करीब 3.5 दिन का स्टॉक है।
भारत पेट्रोलियम के पास करीब 7.1 दिन का स्टॉक है।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पास करीब 5.8 दिन का स्टॉक है।
अगर नई सप्लाई नहीं आती है तो यह स्टॉक ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाएगा।
कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बंद होने से पानीपत में गैस आधारित 250 से ज्यादा टेक्सटाइल और हैंडलूम इंडस्ट्री बंद हो गई हैं। पॉलिएस्टर धागे के दाम भी करीब 20% तक बढ़ गए हैं। शादी का सीजन होने के कारण कैटरिंग और होटल कारोबारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जींद में एक कैटरिंग कारोबारी ने बताया कि पिछले 2 दिनों से कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं मिल रही है। डीलरों का कहना है कि कंपनियों से स्टॉक ही नहीं आ रहा।
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल घरेलू सिलेंडरों की सप्लाई को प्राथमिकता देने के लिए कमर्शियल सिलेंडरों पर रोक लगाई गई है। सभी एजेंसियों से रोजाना स्टॉक की रिपोर्ट भी मांगी जा रही है।
कई जिलों में गैस बुकिंग बढ़ गई है। यमुनानगर में जहां पहले रोज 150–170 बुकिंग आती थीं, अब यह बढ़कर 200–220 हो गई हैं। कैथल में भी गैस की मांग अचानक काफी बढ़ गई है। पंचकूला में पहले सिलेंडर 2–3 दिन में मिल जाता था, लेकिन अब एक हफ्ते तक इंतजार करना पड़ रहा है। गुरुग्राम में कुछ क्लाउड किचन मालिकों ने बताया कि एजेंसियों ने कमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग बंद कर दी है, जिसके कारण उन्हें महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने पड़ रहे हैं।
सरकार का कहना है कि अभी घरेलू गैस की सप्लाई जारी है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अगर कहीं भी कालाबाजारी या सप्लाई में गड़बड़ी मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

