May 5, 2024

श्री सिद्धदाता आश्रम में धूमधाम से मनाया श्रीगणेश उत्सव

Faridabad/Alive News : श्री सिद्धदाता आश्रम एवं श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम में श्री गणेश चतुर्थी उत्सव बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अधिपति अनंतश्री विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने श्री गणेश भगवान का अभिषेक कर जन कल्याण के लिए मंगल कामना की। देशभर में धूमधाम से मनाया जाने वाला श्री गणेश चतुर्थी उत्सव श्री सिद्धदाता आश्रम में भी मनाया गया।

इस अवसर पर सुबह ही मंदिर परिसर में जुटे हजारों भक्तों के बीच स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने भगवान गणेश का पूजन कर अभिषेक किया। उन्होंने आए भक्तों को प्रसाद भी वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत में यह परंपरा है कि कोई भी शुभ कार्य गणपति की पूजा करने के बाद ही शुरु किया जाता है। उन्हें प्रथम देव माना जाता है।

उन्होंने बताया कि वास्तव में गणपति हमें जो शिक्षा दे रहे हैं, हमें उन्हें स्वीकार करना चाहिए। गणपति की आंखें बहुत छोटी हैं कि हम संसार की फालतू की चीजों के दर्शन न करें। उनके कान बहुत बड़े हैं कि हम अपने काम की किसी भी बात को अनसुना न कर दें। उनका पेट बहुत बड़ा है कि हमें धैर्यवान होना चाहिए, हमें पेट में बात रखने वाला होना चाहिए।

उनकी सवारी मूषक है कि हमारे अंदर अहंकार नहीं होना चाहिए, हमें छोटे साधनों से भी काम चला लेना चाहिए। यहां गणपति पूजन में शामिल होने के लिए हजारों लोग पधारे और उन्होंने भगवान का पूजन कर प्रसाद प्राप्त कर भोजन प्रसाद भी प्राप्त किया। इस अवसर पर भजन संगीत का भी लोगों ने लाभ उठाया।