Faridabad/Alive News: जिले के फतेहपुर बिलोच रोड पर गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां 37 वर्षीय दुकानदार पवन पर तीन युवकों ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पवन के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पवन को गाड़ी से सेक्टर-8 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीछे से किया गया हमला
प्रत्यक्षदर्शी दयाचंद के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे पवन अपनी दुकान के बाहर खड़ा होकर फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान एक कार और एक बाइक वहां पहुंची।
कार से कोई नहीं उतरा, लेकिन बाइक पर सवार तीन युवकों में से दो ने अचानक पवन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमलावरों ने पवन के सिर और गर्दन पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी दो कुल्हाड़ियां लेकर आए थे, जिनमें से एक कुल्हाड़ी वे मौके पर फेंक गए, जबकि दूसरी अपने साथ ले गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पहले पवन की दुकान पर काम कर चुके थे। करीब 7 महीने पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए इस हमले को अंजाम दिया गया।
हमले के आरोप वेद प्रकाश, बल्ली और बलदेव नामक युवकों पर लगाए जा रहे हैं, जो पास के पहलादपुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
तिगांव एसीपी अशोक कुमार ने बताया कि सुबह कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार पवन फतेहपुर बिलोच गांव का रहने वाला है और वह गाटर व पत्थर बेचने की दुकान चलाता है।
प्राथमिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। पुलिस ने कहा है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

