October 26, 2024

दिल्ली-एनसीआर में 15 दिसंबर के बाद शुरू होगी कड़कड़ाती ठंड, ऊंचाई वाले इलाकों में पारा शून्य के नीचे पहुंचा

New Delhi/Alive News: देश में सर्दी दस्तक दे चुकी है। कश्मीर और हिमाचल समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। इसके कारण मैदानी इलाकों में भी तापमान गिरा है। हालांकि दिल्ली में अभी कड़ाके की सर्दी का इंतजार है। वहीं, मुंबई में हल्की बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है।

बाकी मैदानी इलाकों की बात करें, तो राजस्थान के चुरू में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी पारा गिरा है। चक्रवात मैंडूस के बाद दक्षिण के राज्यों में भी मौसम बदला है। कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में कई जगह बारिश हो रही है।हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी जारी है। पारा लगातार गिरता जा रहा है, जिससे ठंड बढ़ गई है। अन्य राज्यों के पर्यटक यहां पहुंच कर मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं।

दिल्ली में 15 दिसंबर के बाद शुरू होगी कड़कड़ाती ठंड
दिल्ली में लगातार ठंड बढ़ रही है। हालांकि, अभी उतनी ठंड नहीं है, जितनी दिसंबर में आमतौर पर होती है। मौसम विभाग की मानें, तो अभी पारा गिरने के साथ ठिठुरन बढ़ी है, लेकिन 15 दिसंबर के बाद तापमान में और गिरावट आएगी। इसके बाद दिल्ली वासियों को कड़कड़ाती ठंड का सामना करना पड़ेगा। फिलहाल, दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है।