June 12, 2026

पेट्रोल पंप की दीवार गिरने से मलबे के नीचे दबे सात लोग, तीन की मौत

Faridabad/Alive News: सीकरी के सोफता गांव में इडियन ऑयल पेट्रोल पंप की दीवार गिरने से सात लोगों मलबे के नीचे दब गये और उनमें से तीन लोगों की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। गंभीर घायलों को सिविल अस्पताल से दिल्ली सफदरजंग रेफर कर दिया है। पुलिस ने तीनों मृतकों को पोस्टमोर्टम के लिए बी के अस्पताल में भिजवा दिया है।

बीते बुधवार को शाम लगभग साढ़े 8 बजे इडियन ऑइल पेट्रोल पंप की दीवार के पास से एक गुटखा कम्पनी में काम करने वाले एक दर्जन मजदूर जा रहे थे और दीवार के पास बरसात की वजह से पानी भरा हुआ था। सात मजदूर युवक एक ही परिवार के दीवार गिरने से दब गये, जिनमें से एक युवक ने अपने परिवार के लोगों को सूचना दी।

मृतक युवकों की पहचान सोफता गांव में रहने वाले पंकज (उम्र 23), रवि (उम्र 24), राजवीर (उम्र 30) के रूप में हुई है। गम्भीर घायल होने वालों में मनफुल (उम्र 25), श्रकांत (उम्र 18) का नाम शामिल है। इनमें पंकज और रवि की मौत बी.के अस्पताल में उपचार के दौरान हुई है। राजवीर को बी.के से दिल्ली रेफर किया गया दिल्ली के अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक मरने वाले एक ही परिवार के थे और पास ही के गुटखा कंपनी में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। बारिश से बचने के लिए दीवार का सहारा लिया था और दीवार उनके ऊपर गिर गई और वह मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने मिलकर उनको अस्पताल पहुंचाया।

मृतक के भाई कुंदन ने बताया कि वह ड्यूटी जा रहे थे, बरसात की वजह से वह दीवार का सहारा लेकर चल रहे थे। दीवार गिरने से मलबे में सब दब गए। छोटो भाई ने आकर घटना की सूचना दी।

मृतक के भाई कुंदन ने बताया कि इस घटना में घायल पांच सदस्यों को बचाया गया। उन्होने कहा कि पहले वह बल्लभगढ़ लेकर गए। उसके बाद बी. के अस्पताल में लेकर गये तो वहां पर दो लोगों की मौत हो गई और एक को दिल्ली रेफर कर दिया गया।

पेट्रोल पंप कर्मचारी शंकर ने बताया कि एक दम से जोर से कुछ गिरने की आवाज आई और ‘बचाओ बचाओ’ की भी आवाज आई तो वह लोग दौडे और लोगों को मलबे से निकालना शुरु किया। लोग आनन फानन में सभी घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे।