Panchkula/Alive News: हरियाणा के पंचकूला में डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने वूमैन प्रीमियर लीग (WPL) पर सट्टा लगाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करीब 7 लाख रुपये नकद, 4 लैपटॉप सहित बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-21 की एक कोठी में वूमैन प्रीमियर लीग के मैचों पर सट्टेबाजी चल रही है। सूचना के आधार पर टीम ने वहां छापा मारा। छापे के दौरान मौके से 7 आरोपी पकड़े गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 लाख रुपये नकद, 4 लैपटॉप, 2 कंप्यूटर स्क्रीन, 32 मोबाइल फोन, 14 पर्सनल मोबाइल और 5 साउंड रिकॉर्डर बरामद किए हैं।
पुलिस ने 4 आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि सट्टेबाजी के मास्टरमाइंड बताए जा रहे 3 आरोपियों को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हर ओवर के हिसाब से सट्टा लगवाते थे। सट्टेबाजी पूरी तरह ऑनलाइन चलती थी। मोबाइल कॉल के जरिए सट्टा बुक किया जाता था और पैसों का लेन-देन नकद में किया जाता था। आरोपी किसी भी सट्टा लगाने वाले को कोठी पर नहीं बुलाते थे।

