Faridabad/Alive News : फरीदाबाद के सोतई गांव के पास सर्विस रोड पर एक लावारिस खड़ी मोटरसाइकिल पर बैग, शर्ट और खून के निशान लगा महिला का डूपटा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 की पुलिस को दी और पुलिस ने संदिग्ध मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को सोतई गांव के सर्विस रोड पर सुनसान इलाके में मोटरसाइकिल नंबर एचआर 51 सीएम 7238 खड़ी मिली है। मोटरसाइकिल नंबर से पता चल रहा है कि यह भारत कॉलोनी के हनुमान नगर की गली नंबर-10 में रहने वाले मनीष की है। मोटरसाइकिल पर एक शर्ट जो युवक की बताई जा रही है और एक खून के निशान लगा महिला का डूपटा मिला है। साथ में युवक का बैग जिसमें उसका फोन, चार्जर, पॉवर बैंक, एक डायरी और एक पेन मिला है। बाइक से थोड़ी दूरी पर एक और व्यक्ति की शर्ट मिट्टी से सनी हुई पेड़ पर लटकी मिली है।
मोटरसाइकिल मालिक मनीष के पिता अवतार सिंह का शक मनीष के साथ जोमैटो में काम करने वाले उसके साथी राहुल दिवाकर पर है। उनका कहना है कि मनीष ने अपने साथी राहुल को करीब दो लाख रुपये उधार दिए थे। जब मनीष ने राहुल से पैसे मांगे तो राहुल ने अपने ही परिवार के एक सदस्य लोकेश के साथ मिलकर एक साजिश रची, जिसमें मनीष को फंसाने के लिए थाना खेड़ी पुल में लोकेश की पत्नी से जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने की झूठी शिकायत दिलाकर मुकदमा दर्ज करा दिया गया।
मनीष के पिता अवतार ने बताया कि बीते मंगलवार को उसके पास मनीष के साथी राहुल का फोन आया था जिसमें राहुल ने बताया कि मनीष को उसने हरिद्वार में देखा है और अगले दिन बुधवार को लोकेश की पत्नी से मनीष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी।
मनीष के पिता अवतार ने पूरे मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। थाना सादर में शिकायत दी की थी लेकिन पुलिस कर्मियों ने खेड़ी पुल थाने में भेज दिया। इसके बाद उन्होंने डायल 112 की पुलिस को बुलाया। डायल 112 की पुलिस ने मोटरसाइकिल के फोटो और विडियो लेकर जांच की और खेड़ी पुल थाने में जाने के लिए कहा। उधर, खेड़ी पुल थाने की पुलिस ने शिकायत नहीं ली है।

