March 7, 2026

बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन में शामिल हुए हरियाणा के वरिष्ठ नेता, मुख्यमंत्री ने किया नेतृत्व

Delhi/Alive News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता सोमवार को दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के नेतृत्व में हरियाणा के करीब 30 वरिष्ठ नेता नामांकन प्रक्रिया में शामिल हुए।

सभी नेता सुबह करीब 10 बजे दिल्ली स्थित हरियाणा भवन पहुंचे, जहां आपसी चर्चा के बाद दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय पहुंचे। यहां नेताओं ने अपने हस्ताक्षर युक्त समर्थन पत्र पार्टी के चुनाव अधिकारियों को सौंपे।

नामांकन पत्र राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण और सांसद संबित पात्रा को सौंपा गया। इस मौके पर नेताओं ने “भाजपा जिंदाबाद” के नारे भी लगाए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने विचार और राष्ट्रहित के लिए काम करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता देश के लिए समर्पित भाव से कार्य करता है। कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण ही भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बनी है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं को कार्यकर्ता ज़मीन तक पहुंचा रहे हैं, जिससे हर वर्ग को लाभ मिल रहा है।

वहीं प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा अनुशासन और समर्पण से जुड़े कार्यकर्ताओं की पार्टी है। उन्होंने कहा कि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगे।

बड़ौली ने कहा कि भाजपा में पद परिवार के आधार पर नहीं, बल्कि मेहनत, समर्पण, जनसेवा और राष्ट्रसेवा के आधार पर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवारवाद नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद सर्वोपरि है और यही कारण है कि एक सामान्य बूथ कार्यकर्ता भी मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकता है।