April 24, 2024

पुष्प अर्पित कर स्व. राजीव गांधी को दी श्रद्धांजलि

Faridabad/Alive News : भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-10 स्थित कांग्रेस भवन में उनकी प्रतिमा पर श्रद्धापूर्ण पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर कांग्रेसियों ने स्व. राजीव गांधी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक युगप्रवर्तक एवं दूरगामी सोच के व्यक्ति थे, जो देश के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय क्षितिज पर भी एक सशक्त और कुशल राजनेता के रुप में उभरे। उन्होंने कहा कि देश में आधुनिक युग की शुरुआत स्व. गांधी की ही देन है, जिन्होंने आधुनिक भारत का निर्माण करते हुए देश में कंप्यूटर का सूत्रपात किया, जिसके चलते आज भारत देश ने विश्वस्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

इसके अलावा 18 वर्ष के युवाओं को वोट का अधिकार दिलवाने एवं पंचायती राज अधिनियम बनाने का श्रेय भी स्व. गांधी को ही जाता है। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि सबसे कम उम्र में विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री बनने का गौरव पाने वाले राजीव गांधी का व्यक्तित्व सज्जनता, मित्रता और प्रगतिशीलता का प्रतीक था। अपने अल्प राजनैतिक कार्यकाल में राजीव गांधी ने भारत को एक नया स्वरुप दिया था, जिसके चलते उन्हें देश की जनता सदैव सम्मानपूर्वक याद करती रहेगी। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आज के दिन सभी को स्व. राजीव गांधी के आदर्शो को अपनाते हुए समाज व देशहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।

इस दौरान कांग्रेेसियों ने स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व चेयरमैन अब्दुल गफ्फार कुरैशी, चेयरमैन राकेश भड़ाना, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज अग्रवाल, प्रवक्ता पूर्व पार्षद योगेश कुमार ढींगड़ा, ललित भड़ाना, पूर्व संगठन सचिव, कांग्रेसी नेता अनिल कुमार आदि मौजूद थे।