March 11, 2026

सीईटी परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए हरियाणा रोडवेज की नि:शुल्क बस सेवा का होगा प्रबंध

Faridabad/Alive News: उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने 26 एवं 27 जुलाई 2025 को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए हरियाणा रोडवेज की ओर से निःशुल्क बस सेवा के बारे में बताया।

उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने जानकारी देते ने हुए बताया कि राज्य सरकार ने साईटी परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 26 एवं 27 जुलाई 2025 को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए हरियाणा रोडवेज की ओर से निःशुल्क बस सेवा प्रदान की जाएगी। यह सेवा अभ्यर्थियों को उनके नजदीकी जिला स्तरीय बस अड्डे से परीक्षा केंद्र तक पहुँचने और वापसी हेतु उपलब्ध करवाई जाएगी।

प्रदेश के 24 डिपो और 13 उप-डिपो से संचालित लगभग 9,200 बसें इस उद्देश्य के लिए चलाई जाएंगी। जिन अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र 100 किलोमीटर से अधिक दूरी पर आवंटित किया गया है, उनके लिए इंटरचेंज प्वाइंट की विशेष व्यवस्था की गई है।

हरियाणा रोडवेज बस की विशेष सुविधाएं:

  • महिला अभ्यर्थी एक पारिवारिक सदस्य के साथ भी फ्री बस सेवा का लाभ ले सकेंगी।
  • दिव्यांग अभ्यर्थियों को घर से ही निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
  • दूर दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा के एक दिन पहले और एक दिन बाद भी यह सुविधा दी जाएगी।
  • रात्रि विश्राम हेतु जिला प्रशासन द्वारा आवासीय व्यवस्था की जाएगी।
  • असुविधा की स्थिति में तुरंत सहायता हेतु हर जिले में टोल फ्री हेल्पलाइन भी जारी की जाएगी।

यह कदम राज्य सरकार द्वारा युवाओं की सुविधा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की दिशा में एक और मजबूत पहल है।