March 11, 2026

जंगल से स्क्रैप कारोबारी का शव बरामद, हत्या की आशंका

Faridabad/Alive News: बल्लबगढ़ के आदर्श नगर क्षेत्र में सेक्टर-61 के पास रेलवे लाइन के नजदीक जंगल में मंगलवार शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दिल्ली के दरियागंज निवासी स्क्रैप कारोबारी आबीर के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार युवक के दोनों हाथ कपड़े से बंधे हुए थे और शव की हालत काफी खराब थी। लावारिस जानवरों द्वारा शव को नोचने के कारण उसके पैरों का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। आसपास के लोगों ने जंगल में शव पड़ा देखकर और जानवरों को उसे नोचते हुए पाया तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दिल्ली के चांदनी महल थाने में 7 मार्च को आबीर की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा था, जिसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है। युवक के हाथ बंधे होने के कारण हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस को यह भी शक है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया हो।