August 8, 2026

ब्लिंकिट कस्टमर केयर बनकर APK फाइल भेजी, 72 हजार की साइबर ठगी; 3 गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में साइबर ठगों ने ब्लिंकिट कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर एक व्यक्ति से 72 हजार रुपये की ठगी कर ली। साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने मामले में बैंक खाताधारक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन, अरुण कुमार और दीपक बंसल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए नवीन के बैंक खाते का इस्तेमाल किया था। ठगी के 50 हजार रुपये नवीन के खाते में आए थे, जिन्हें दीपक ने खाते से जुड़े सिम कार्ड के जरिए यूपीआई से आगे दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-3 बल्लभगढ़ निवासी अमित कुमार ने 3 मई को ब्लिंकिट से मंगाए गए सामान को वापस करने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर नंबर खोजा और उस पर कॉल की। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को ब्लिंकिट कर्मचारी बताया और व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा।

लिंक पर क्लिक करते ही अमित के मोबाइल में एक एपीके ऐप इंस्टॉल हो गया। इसके बाद उनके बैंक खाते से 22 हजार रुपये और उनके पिता के खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस तरह कुल 72 हजार रुपये की साइबर ठगी हुई।

मामले की जांच के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।