June 13, 2026

सतयुग दर्शन ट्रस्ट ने समाज को नैतिक मूल्य के प्रति किया जागरूक

Faridabad/Alive News: एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत सतयुग दर्शन ट्रस्ट (रजि.) द्वारा 44वें अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज को नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का अभियान जारी है। ट्रस्ट का मानना है कि बच्चे समाज का अभिन्न अंग हैं और वही भारत का भविष्य तय करते हैं। इसलिए उनके चरित्र एवं व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष ध्यान देना समय की आवश्यकता है।

इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए ट्रस्ट अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में प्रतिदिन अनेक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क कार्यशालाओं का आयोजन कर रहा है। इन सत्रों में बच्चों को संतोष, धैर्य, सच्चाई, समभाव, आत्मानुशासन और आत्मनियंत्रण जैसे दिव्य गुणों को अपनाने का महत्व समझाया जा रहा है, साथ ही उन्हें अपनी दिनचर्या और व्यवहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

ट्रस्ट का कहना है कि वर्तमान समय में नकारात्मकता और स्वार्थपरता के कारण समाज मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक तनावों से गुजर रहा है। ऐसे में बच्चों के भाव-स्वभाव में सकारात्मक परिवर्तन लाना समाज के वास्तविक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ये कार्यशालाएं ट्रस्ट के निःस्वार्थ सेवारत स्वयंसेवकों द्वारा आईआईटीएफ-2025 के भारत मंडपम के हॉल नंबर 2 स्थित सांस्कृतिक मंच पर आयोजित की जा रही हैं। विभिन्न स्कूलों के छात्र व शिक्षक उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रतिभागियों को ट्रस्ट की ओर से भागीदारी प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जा रहे हैं।

ट्रस्ट के अनुसार यह विशेष पहल “सतवस्तु के कुदरती ग्रंथ” और विश्व के प्रथम समभाव-समदृष्टि के स्कूल ध्यान कक्ष (हरियाणा सरकार द्वारा प्रमुख पर्यटक स्थल घोषित) की प्रेरणा से चलाई जा रही है।

इन कार्यशालाओं में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागी ट्रस्ट की ऐप ‘सतयुग’ पर या वेबसाइट www.dhyankaksh.org/workshop-register पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।