Faridabad/Alive News: राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा के विद्यार्थियों ने सिंगल यूज प्लास्टिक से इको ब्रिक्स तैयार कर ट्री गार्ड बनाए। शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और बच्चों को पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम का आयोजन सुनो नहरों की पुकार मिशन और स्कूल प्रबंधन के सहयोग से हुआ। स्कूल प्राचार्य रविन्द्र मनचंदा व मिशन के पदाधिकारियों ने कमिश्नर खड़गटा का स्वागत किया।
हसला के राज्य संगठन सचिव दीपक छारा ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्लास्टिक बोतलों में सिंगल यूज प्लास्टिक भरकर करीब 1500 इको ब्रिक्स तैयार किए। लकी ड्रा के जरिए एक लड़का और एक लड़की को साइकिल इनाम में दी गई। साथ ही सबसे ज्यादा इको ब्रिक्स जमा करने वाले 50 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। बच्चों को प्रोत्साहित करने वाले चार शिक्षकों को भी पुरस्कृत किया गया।
कमिश्नर खड़गटा ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण और जीव-जंतुओं के लिए हानिकारक है। इको ब्रिक्स बनाकर इन्हें ट्री गार्ड, बेंच, कुर्सी और दीवार जैसी उपयोगी चीजों में इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम से जिले के सभी स्कूलों को जोड़ा जाएगा।
मंच संचालन जितेंद्र गोगिया ने किया। इस मौके पर स्कूल स्टाफ, विद्यार्थी और मिशन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

