March 10, 2026

सराय ख्वाजा जूनियर रेडक्रॉस द्वारा शिक्षक दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

Faridabad/Alive News: राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर सराय ख्वाजा राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में जूनियर रेडक्रॉस और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 

विद्यालय के प्राध्यापकों जितेंद्र गोगिया, सुशीला बेनीवाल एवं अन्य अध्यापकों द्वारा सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिस में आज शुक्रवार  विशेष रूप से विद्यालय के अध्यापकों और अध्यापिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

कार्यक्रम के प्रतिभागी छात्र छात्राओं और अध्यापकों को प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा, विद्यालय के प्राध्यापकों एवं अध्यापकों द्वारा सम्मानित भी किया गया। विद्यालय की सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड अधिकारी एवं जूनियर रेडक्रॉस काउंसलर प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि हमारे देश भारत वर्ष में अध्यापक दिवस पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिवस के अवसर पर शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए  5 सितंबर को मनाया जाता है।सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षा में बहुत विश्वास रखते थे। वे एक महान दार्शनिक और शिक्षक थे। उन्हें अध्यापन से गहरा प्रेम था। एक आदर्श शिक्षक के सभी गुण उनमें विद्यमान थे। इस दिन समस्त देश में भारत सरकार द्वारा श्रेष्ठ शिक्षकों को पुरस्कार भी प्रदान किया जाता है। गुरु शिष्य परंपरा भारत की संस्कृति का एक अहम और पवित्र हिस्सा है इस के कई स्वर्णिम उदाहरण इतिहास में सम्मिलित हैं शिक्षक उस माली के समान है जो एक बगीचे को भिन्न भिन्न रूप रंग के फूलों से सुसज्जित छात्रों को कांटों पर भी मुस्कराकर चलने के लिए प्रेरित करता है। आज शिक्षा को हर घर तक पहुंचाने के गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। 

 प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने विद्यालय के सभी शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम शिक्षकों को अपने कार्य को अपनी पूर्ण निष्ठा और समर्पण भाव से करने की आवश्यकता है हम शिक्षण को व्यवसाय के स्थान पर श्रद्धा भाव से करेंगे तो निश्चित रूप से समाज की सोच को सकारात्मक दिशा में अग्रसर करने में सहायक होंगे।