Faridabad/Alive news: हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘समाधान शिविर’ आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज सोमवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का सफल आयोजन किया गया। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजली श्रोत्रिया ने की।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने समाधान शिविरों की प्रभावशीलता को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि वे केवल अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर निर्भर न रहें, बल्कि स्वयं पोर्टल खोलकर शिकायतों की समीक्षा करें और उनका समाधान सुनिश्चित करें।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने जानकारी देते हुए कहा कि समाधान शिविरों में नागरिकों की ओर से सबसे अधिक समस्याए परिवार पहचान पत्र आईडी में आय संबंधी त्रुटियों और नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी सामने आई हैं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी मुद्दों के त्वरित निपटान के लिए सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि जिला प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में जनता की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है।
समाधान शिविर में फरीदाबाद एसडीएम हनी बंसल, नगर निगम संयुक्त आयुक्त गजेंद्र, बल्लभगढ़ नगर निगम जॉइंट कमिश्नर करण सिंह भदौरिया, एसीपी राजीव कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

