July 2, 2024

नारनौल कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में हंगामा: पूर्व सीएम हुड्‌डा-कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के सामने नारेबाजी

Faridabad/Alive News: नारनौल के एक फार्म हाउस में रविवार को कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल रहे। कार्यकर्ता सम्मेलन में इन दोनों नेताओं के आने से पूर्व ही विधानसभा का चुनाव लड़ने के इच्छुक भावी प्रत्याशियों के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने नेताओं के बैनर और पोस्ट के साथ नारे लगाने शुरू कर दिए।

वही जब पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मंच पर पहुंचे तो भावी प्रत्याशियों के समर्थक भी मंच तक पहुंच गए। इसके चलते कार्यक्रम में अव्यवस्था फैल गई। इस फैली हुई अव्यवस्था को संभालने के लिए कांग्रेस की टिकट पर भिवानी महेंद्रगढ़ से लोकसभा का चुनाव लड़ चुके राव दान सिंह को आगे आना पड़ा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हाथ जोड़कर कहा कि वह यहां पर शक्ति प्रदर्शन ना करें यह एक कार्यकर्ता सम्मेलन है।

वही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की लहर चल रही है तथा आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता कमर कस लें तथा घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया है तथा पांच सीटें जीती हैं।

उन्होंने बताया कि हारी हुई 5 सीटों की समीक्षा भी कांग्रेस पार्टी द्वारा की जा रही है। इस मौके पर पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद सचिव अनीता यादव, सृजन यादव, प्रदीप यादव, संजय पटीकरा और अतेंर सरपंच के अलावा अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता व नेता उपस्थित रहे।