May 14, 2024

561 करोड़ रुपए जारी, 15 मार्च तक किसानों को मिलेगा: दुष्यंत चौटाला

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि किसान चिंता न करें, अगर किसानों की कृषि भूमि में जलभराव के कारण फसल की बिजाई नहीं हो पाती है तो पीड़ित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। पिछले खरीफ-2021 के नुकसान के मुआवजे का भुगतान भी 15 मार्च 2022 तक करने के निर्देश दिए गए हैं।

दुष्यंत चौटाला ने बताया कि भारी वर्षा, जलभराव तथा कीट के हमलों से खरीफ 2021 की फसल कपास, मूंग, धान, बाजरा और गन्ना की फसल में नुकसान हुआ था जिसके लिए हरियाणा सरकार द्वारा विशेष गिरदावरी करवाई गई। इसमें 12 जिलों के उपायुक्तों द्वारा जो रिपोर्ट दी गई उसके अनुसार 9,14,139 किसानों को प्रभावित पाया गया, उनके लिए 561,11,57,044 रूपए जारी कर दिए गए हैं।

इनमें से 24,320 किसानों के मुआवजे को उनके बैंक खाते में सीधा स्थानातंरित किया जा चुका है और शेष किसानों के मुआवजे को 15 मार्च 2022 तक वितरित करने के लिए उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से स्पष्टï निर्देश दिए गए हैं कि भारी वर्षा, जलभराव तथा कीट के हमलों से होने वाले नुकसान की गिरदावरी में पारदर्शिता बरती जाए।