March 11, 2026

गुम हुए फोन से निकले 1.75 लाख रुपये, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फोन चोरी करने के बाद पीड़ित के खाते से 1,75,010 रुपये निकाल लिए थे।

पुलिस के अनुसार, पंजाबी वाडा, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 21 जून को उसका फोन गुम हो गया था। जब उसने नई सिम लेकर बैंक खाता चेक किया तो पता चला कि उसके खाते से 1.75 लाख रुपये निकाले जा चुके हैं। इस पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने असार (25), निवासी मोहन बाबा नगर, बदरपुर दिल्ली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि असार ने फोन चोरी किया था। जब शिकायतकर्ता ने अपने नंबर पर कॉल किया तो उसने कॉल रिसीव कर फोन वापस देने के बहाने आधार कार्ड की फोटो और फोन का पासवर्ड मांग लिया। इसके बाद आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर शिकायतकर्ता का 

यूपीआई पिन बदल दिया और पैसे अपने चाचा विकाश सिंह के खाते में भेज दिए। विकाश सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी पर दिल्ली और फरीदाबाद में चोरी के 13 मामले पहले से दर्ज हैं। अदालत में पेश करने के बाद उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।