Noida/Alive News: गौतमबुद्ध नगर में एक अति-लक्जरी रोल्स-रॉयस कार के नए पंजीकरण ने परिवहन विभाग के राजस्व में बड़ी बढ़ोतरी की है। करीब 11 करोड़ 83 लाख 3 हजार 399 रुपये कीमत वाले इस चार पहिया वाहन का पंजीकरण कराते समय वाहन स्वामी ने टैक्स और पेनाल्टी के रूप में 1 करोड़ 56 लाख 20 हजार 440 रुपये जमा किए।
एआरटीओ (प्रशासन) गौतमबुद्ध नगर नंद कुमार ने बताया कि वाहन के पंजीकरण के लिए 1 करोड़ 30 लाख 16 हजार 740 रुपये का मोटर वाहन कर (टैक्स) जमा कराया गया। वहीं, नियमानुसार 26 लाख 3 हजार 700 रुपये की पेनाल्टी भी वसूली गई। इस प्रकार टैक्स और पेनाल्टी की कुल राशि 1 करोड़ 56 लाख 20 हजार 440 रुपये रही।
उन्होंने बताया कि इतनी अधिक कीमत वाले लग्जरी वाहन के पंजीकरण से परिवहन विभाग को उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ है। विभाग द्वारा सभी नए वाहनों का पंजीकरण मोटर वाहन अधिनियम और उत्तर प्रदेश मोटर वाहन कराधान नियमों के तहत किया जाता है। निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण और कर जमा कराने पर अतिरिक्त शुल्क से बचा जा सकता है, जबकि नियमों के उल्लंघन पर निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पेनाल्टी वसूली जाती है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर में महंगे और लग्जरी वाहनों के पंजीकरण में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। जिले में बड़ी संख्या में उद्योगपति, कारोबारी और उच्च आय वर्ग के लोग निवास करते हैं, जिसके चलते समय-समय पर करोड़ों रुपये कीमत वाले वाहनों का पंजीकरण होता रहता है। यह पंजीकरण भी जिले के सबसे चर्चित वाहन पंजीकरणों में शामिल हो गया है।

