March 14, 2026

जींद में रोडवेज बस पलटी, ड्राइवर पर वीडियो कॉल में बात करने का आरोप; 50 यात्री घायल

Jind/Alive News: हरियाणा के जींद जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टोहाना से जयपुर जा रही हरियाणा रोडवेज की बस उचाना के पास बड़ौदा गांव के नजदीक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 50 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 13 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घायल यात्रियों को उचाना और जींद के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि बस चालक को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस सुबह टोहाना से जयपुर के लिए निकली थी। जींद की तरफ जाते समय बस पहले डिवाइडर से टकराई, फिर सड़क किनारे खड़ी एक लोडिंग गाड़ी (छोटा हाथी) से जा भिड़ी। इसके बाद बस सड़क से करीब 20 मीटर दूर कच्चे में पलट गई। टक्कर से लोडिंग गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

बस में मौजूद यात्रियों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय बस तेज रफ्तार में थी और ड्राइवर मोबाइल पर वीडियो कॉल पर बात कर रहा था, जिससे उसका ध्यान सड़क से हट गया और बस पर नियंत्रण नहीं रहा।

लोडिंग गाड़ी के चालक पंकज ने बताया कि वह उचाना का रहने वाला है और अपनी गाड़ी का काम करवाने के लिए जींद जा रहा था। रास्ते में वह शौच के लिए गाड़ी सड़क किनारे खड़ी करके नीचे उतरा हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार बस आकर गाड़ी से टकरा गई। गाड़ी से नीचे होने के कारण वह बाल-बाल बच गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 10–15 मिनट के भीतर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। ट्रैफिक थाना प्रभारी शमशेर सिंह के अनुसार, बस की रफ्तार तेज थी और डिवाइडर से टकराने के बाद बस ने दिशा बदल दी, जिससे वह साइड में खड़ी गाड़ी से टकरा गई।

उचाना अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील गर्ग ने बताया कि हादसे के बाद 24 घायल मरीज अस्पताल पहुंचे, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जींद रेफर किया गया। करीब 18 यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जबकि 5 लोगों के फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है।

बताया जा रहा है कि यह बस किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही थी, जिसमें ड्राइवर प्राइवेट है और कंडक्टर हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत तैनात है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।