April 26, 2024

31 दिसंबर को रिया हुई थी किडनैप, छह दिन बाद आगरा कैनाल पर मिला शव

Faridabad/Alive News : छह दिन पूर्व 31 दिसंबर काे ओल्ड फरीदाबाद से गुम हुई 21 वर्षीय युवती का शव सातवें दिन बीपीटीपी क्षेत्र में सेक्टर-17 पुल के पास नहर किनारे मिला है। रिया नाम की यह युवती पलवल के गांव घोड़ी की निवासी थी। यहां गांव भूपानी में अपनी नानी के पास रहती थी। रिया बीए फाइनल ईयर की छात्रा थी। हत्या का आरोप सिंहराज नाम के 50 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड के ऊपर है। उसका रिया के मामा के घर आना-जाना था। रिया की बड़ी मौसी सुमन सेक्टर-18 ओल्ड फरीदाबाद में रहती है।

31 दिसंबर को रिया अपनी छोटी मौसी पूनम के साथ सुमन के घर आई थी। जिसके बाद ओल्ड फरीदाबाद मार्केट में जाकर रिया ने खरीदारी की। इसके बाद पूनम ने रिया को भूपानी के लिए आटो में बिठा दिया और खुद अपनी बड़ी बहन के घर चली गई। अगले दिन पूनम ने रिया का फोन मिलाया तो वह स्विच आफ था। इसके बाद उसने अपनी मम्मी को फोन करके पूछा कि रिया कहां है। उसकी मम्मी ने बताया कि रिया घर नहीं है। तब परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। जब उसका कुछ पता नहीं चला तो पुलिस को शिकायत दी। ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने पूनम की शिकायत पर रिया की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया।

सेक्टर-19 पुलिस चौकी प्रभारी कैलाशचंद ने बताया कि उन्होंने रिया की काल डिटेल निकलवाई तो उसमें आखिरी काल सिंहराज नाम के व्यक्ति की थी। पुलिस ने काल की तो उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया। सिंहराज गांव जसाना का निवासी है, एक निजी अस्पताल में वह सिक्योरिटी गार्ड है।

आरोपी ने खुद फोन पर दी हत्या की जानकारी
पुलिस का कहना है कि सिंहराज ने बृहस्पतिवार को खुद रिया की नानी को फोन करके उसकी हत्या करने की सूचना दी और बताया कि शव सेक्टर-17 पुल के पास पड़ा हुआ है। इसके बाद परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने मौके पर जाकर शव बरामद किया। परिवार वालों ने रिया के शव की पहचान कर ली। पुलिस का अनुमान है कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई। पुलिस ने मुकदमे में हत्या व अपहरण की धाराएं लगा दी है। आरोपित सिंहराज की तलाश की जा रही है, मगर वह फरार है।

शव लेने से किया इंकार
वारदात की सूचना मिलते ही बी. के. अस्पताल की मोरचरी पर पहुंचे भीम आर्मी के लोगों ने कहा कि जब तक पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार नही कर लेती वह लड़की का ना तो शव लेंगे और ना ही उसका दाह संस्कार करेंगे।