Faridabad/Alive News: शहरी विकास प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में 9वीं अंतर-एजेंसी समन्वय बैठक आयोजित हुई, जिसमें स्मार्ट सिटी, अमृत योजना, जलापूर्ति, सीवरेज, परिवहन, आवास, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में एफएमडीए के सीईओ जे. गणेशन, एडीसी सतबीर मान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएक्यूएम पर सख्त निगरानी
डी.एस. ढेसी ने बताया कि अब सीएक्यूएम की निगरानी जिला व शहर स्तर पर सीधे इंटरैक्शन के माध्यम से की जा रही है तथा प्रधानमंत्री कार्यालय स्तर पर भी प्रदूषण नियंत्रण की नियमित मॉनिटरिंग हो रही है। सोनीपत, फरीदाबाद, गाजियाबाद और नोएडा ने अपने सिटी एक्शन प्लान लागू कर दिए हैं।
जल व सीवरेज परियोजनाएं
गांव फतेहपुर-चांदिला में सीवरेज कार्य 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है और सड़क निर्माण जल्द शुरू होगा। 100 एमएम जलापूर्ति लाइन मार्च से पहले पूर्ण करने तथा शेष रैनी वेल्स मार्च-अप्रैल 2026 तक चालू करने का लक्ष्य है। माइक्रो-एसटीपी व ट्रीटेड वाटर का उपयोग रोड स्प्रिंकलिंग, ग्रीन बेल्ट और पार्कों में किया जा रहा है।
क्लीन एयर प्रोग्राम पर फोकस
नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत ग्रीन बेल्ट विकास और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग को प्राथमिकता दी गई है तथा मशीनों की संख्या बढ़ाने की कार्रवाई जारी है। ग्रेप के अंतर्गत दैनिक रिपोर्टिंग राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भेजी जा रही है।
सड़क व कनेक्टिविटी परियोजनाएं
जेवर-फरीदाबाद रोड का एलिवेटेड भाग 45 प्रतिशत पूरा हो चुका है। जेवर से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे कनेक्शन जून-जुलाई 2026 तक और पूरी परियोजना अप्रैल 2027 तक पूरी करने का लक्ष्य है। डीएनडी-फरीदाबाद सेक्शन अप्रैल तक पूरा होने की उम्मीद है।
‘म्हारी सड़क’ ऐप पर जोर
ढेसी ने विशेष सड़क मरम्मत अभियान तेज करने और ‘म्हारी सड़क’ ऐप पर आने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डिविजनल कमिश्नर संजय जून, नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, एडीशनल सीईओ एफएमडीए गौरी मिड्ढा, जिला परिषद सीईओ शिखा व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

