May 1, 2024

लॉकडाउन नहीं सुरक्षित हरियाणा के नाम पर बढ़ सकती हैं पाबंदियां

Chandigarh/Alive News: प्रदेश सरकार द्वारा लगाए गए साप्ताहिक लॉकडाउन की मियाद कल सुबह 5‌ बजे पूरी हो जाएगी। वही आज यानी रविवार को गृह मंत्री अनिल विज ने सुरक्षित हरियाणा की घोषणा की है। गृह मंत्री अनिल विज ने ट्वीट कर इस विषय की जानकारी दी।

दरअसल, महामारी के बढ़ते मामलों के बीच प्रदेश सरकार की ओर से पूरे हरियाणा में साप्ताहिक लॉकडाउन लगाया गया था। ‌आगामी सोमवार सुबह 5 बजे लॉकडाउन की मियाद पूरी होने वाली है। इसी बीच लॉकडाउन से संबंधित तमाम अटकलें सोशल मीडिया पर लगाई गई। सोशल मीडिया पर फर्जी मैसेजेस वायरल होने लगे।

इन मैसेजेस में दावा किया गया कि प्रदेश सरकार की ओर से लॉकडाउन की अवधि को एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने ट्वीट कर इस विषय में जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि लॉकडाउन से संबंधित अभी किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं आई है वहीं गृह मंत्री अनिल विज ने सुरक्षित हरियाणा की घोषणा की है।

गृह मंत्री अनिल विज ने ट्वीट कर बताया कि प्रदेश में महामारी अलर्ट तथा सुरक्षित हरियाणा की घोषणा की गई है। ‌सुरक्षित हरियाणा की विस्तृत जानकारी जल्द ही सांझा की जाएगी। यह सुरक्षित हरियाणा 10 मई से 17 मई तक लागू होगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि सुरक्षित हरियाणा में सख्ती बढ़ सकती है।