Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-88 स्थित सैनिक विहार सोसायटी में आरडब्लूए चुनाव न होने के कारण निवासी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सहकारिता विभाग के नियमों को दरकिनार कर प्रशासन द्वारा चुनाव नहीं कराए जा रहे, जिससे सोसायटी में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई काम प्रभावित हो रहे हैं।
सोसायटी के निवासियों का कहना है कि सहायक रजिस्ट्रार (एआर) प्रवीण कादयान की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उनका आरोप है कि नियमों के अनुसार सोसायटी का संचालन चुने हुए प्रतिनिधियों द्वारा होना चाहिए, लेकिन चुनाव कराने की फाइल दबाकर सात लोगों की एक कमेटी बना दी गई है।
निवासियों का कहना है कि सोसायटी के अधिकांश लोग चुनाव के माध्यम से रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्लूए) का गठन चाहते हैं, लेकिन जब भी एआर से चुनाव कराने की मांग की जाती है तो उन्हें यही बताया जाता है कि सात लोगों की बनाई गई कमेटी ही आरडब्लूए है। जबकि सोसायटी के कई निवासियों को यह भी नहीं पता कि इस कमेटी में शामिल लोग कौन हैं।
सोसायटी निवासी मनोज शर्मा ने बताया कि सहायक रजिस्ट्रार उनकी सोसायटी को एक तथाकथित कमेटी के माध्यम से चला रहे हैं, जबकि निवासियों की मांग है कि सोसायटी में लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कराकर आरडब्लूए का गठन किया जाए।
निवासियों का कहना है कि आरडब्लूए न होने के कारण सोसायटी में कई आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे लोगों को रोजमर्रा की सुविधाओं के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

