March 7, 2026

सरकारी जमीन से सामग्री हटाएं, वरना होगी नीलामी: निगम आयुक्त

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद के निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने वार्ड नंबर 10 का निरीक्षण करते हुए अतिक्रमण पर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर रखी गई सामग्री को नागरिक एक सप्ताह के भीतर हटा लें, अन्यथा नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान प्याली हार्डवेयर चौक के आसपास हो रहे अतिक्रमण, अवैध मीट दुकानों तथा प्याली चौक से लेजर वैली पार्क होते हुए 3 नंबर पुलिया तक ग्रीन बेल्ट पर कब्जों को हटाने के आदेश दिए गए। साथ ही बरसात से पहले नाले-नालियों की सफाई सुनिश्चित करने और जिन क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट की कमी है वहां शीघ्र लाइटें लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

इस अवसर पर जॉइंट कमिश्नर जितेंद्र जोशी, वार्ड पार्षद भगवान सिंह व स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। निगम आयुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है और निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।