Faridabad/Alive News: सेक्टर-12 स्थित हेलीपैड ग्राउंड में शुक्रवार को 79वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की भव्य रिहर्सल धूमधाम से सम्पन्न हुई। उपायुक्त विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस रिहर्सल में परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर गूंज उठा।
मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9 बजे इसी मैदान में आयोजित होगा, जिसमें हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण करेंगे और जनता को संबोधित करेंगे।
रिहर्सल में हरियाणा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी (सीनियर एवं जूनियर विंग), सेंट जोंस ब्रिगेड, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स (सीनियर एवं जूनियर) और ‘प्रजातंत्र के प्रहरी’ के जवानों ने मार्च पास्ट और परेड गठन का अभ्यास किया। सभी प्रतिभागियों ने अनुशासन और उत्कृष्ट तालमेल का प्रदर्शन करते हुए मुख्य दिवस के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्यों, समूह गीतों और रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की गाथा और राष्ट्रभक्ति के भाव को जीवंत किया। प्रस्तुतियों में हरियाणा की सांस्कृतिक धरोहर के साथ आधुनिक भारत के प्रगतिशील स्वरूप की झलक भी देखने को मिली।

