March 7, 2026

सूरजकुंड मेले में रेड क्रॉस का सेवा अभियान जारी

Faridabad/Alive News: 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में जिला रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा सेवा अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान हरियाणा रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी, महासचिव डॉ. सुनील कुमार तथा उपायुक्त एवं जिला रेड क्रॉस अध्यक्ष आयुष सिन्हा के निर्देशानुसार सचिव बिजेंद्र सोरोत के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।

31 जनवरी से 15 फरवरी तक चलने वाले मेले में डीएवी शताब्दी महाविद्यालय, केएल मेहता दयानंद महिला महाविद्यालय और अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ के लगभग 50 प्रशिक्षित यूथ रेड क्रॉस स्वयंसेवक असहाय व जरूरतमंदों को व्हीलचेयर सुविधा सहित विभिन्न सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। मेले के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर व्हीलचेयर सुविधा उपलब्ध है, वहीं परिसर में प्राथमिक चिकित्सा पोस्ट पर चिकित्सक व मेडिकल स्टाफ तैनात है।

उपाधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने बताया कि रेड क्रॉस समाजहित में निरंतर सेवा कार्य करता है। संरक्षक विमल खंडेलवाल ने स्वयंसेवकों के समर्पण की सराहना करते हुए इसे मानवता और सामाजिक दायित्व का प्रेरक उदाहरण बताया।