May 6, 2024

जनवरी माह में शुरू होगी पांच हजार जवानों की भर्ती प्रक्रिया

Rohtak/Alive News : पुलिस महकमे में 12 हजार जवानों की कमी है। इस कमी को जल्द पूरा किया जाएगा। विभाग इसी महीने पांच हजार जवानों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। जनवरी महीने में भर्ती होगी। इनमें एक हजार पद महिलाओं के लिए होंगे।

युवा भर्ती के लिए रहे तैयार

– डीजीपी ने कहा युवा भर्ती के लिए तैयार रहें। वे सेहत के साथ दिमाग को भी दुरुस्त रखें। इसकी जरूरत भर्ती की लिखित परीक्षा में पड़ेगी। साक्षात्कार नहीं होगा। यह कहना है प्रदेश के पुलिस महानिदेशक बलजीत सिंह सिंधू का। वे शनिवार को बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय में साइक्लोथोन के समापन समारोह में बोल रहे थे।

– डीजीपी ने कहा कि 350 सब इंस्पेक्टर 66 सहायक सब इंस्पेक्टर भी भर्ती किए जाने हैं। इन्हें 80 अंकों की लिखित परीक्षा के अलावा 12 मिनट में ढाई किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी। इसके बाद ही उम्मीदवारों की शारीरिक योग्यता सिद्ध हो पाएगी।

– पुलिस को तेज रफ्तार बनाने के लिए प्रदेश भर के लिए 600 नए वाहन खरीदे जा रहे हैं।

इन वाहनों के आने से पुलिस के जवानों को राहत मिलेगी। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेश के हर थाने को दो वाहन दिए जाएंगे।
– जनता की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न जिलों में 300 मित्र कक्ष बनाए जाएंगे। यहां प्रदेश के पिछले 70 सालों के इतिहास में पहली बार पुलिस कर्मचारी लोगों से मित्रवत व्यवहार करते नजर आएंगे।