May 22, 2024

कार्यकारी अभियंता और बल्लभगढ़ चौकी इंचार्ज के बीच हुई सुलह

Faridabad/Alive News : निगमायुक्त यशपाल यादव के दखल के बाद नगर निगम कार्यकारी अभियंता पद्मभूषण और बल्लभगढ़ पुलिस चौकी इंचार्ज उमेश कुमार के बीच चल रहा विवाद शुक्रवार को समाप्त हो गया। पुलिस चौकी इंचार्ज उमेश कुमार ने अपनी गलती महसूस की। निगमायुक्त आवास पर हुई बैठक में बल्लभगढ़ एसीपी मनीष सहगल, थाना शहर प्रभारी सत्यवान, सीपी कार्यालय में तैनात पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह के साथ राज्य नगर निगम कर्मचारी यूनियन के प्रधान नरेश शास्त्री के साथ बलबीर बालगुहेर मौजूद रहे।

बैठक में समझौता होने के बाद चौकी इंचार्ज उमेश कुमार निगम मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठे अधिकारियों, कर्मचारियों के बीच पहुंचे। उनके साथ पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह भी थे। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि विवाद अब खत्म हो गया है।  बैठक में नगर निगम के अधीक्षण अभियंता ओमबीर सिंह, कार्यकारी अभियंता पदमभूष्ण, ओपी कर्दम तथा नितिन कादयान मौजूद रहे।