Faridabad/Alive News: 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव-2026 में मुख्य चौपाल पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रमों से हर शाम मेले का माहौल रंगारंग बना हुआ है। बुधवार की शाम राजस्थानी लोक कलाकारों के नाम रही, जिन्होंने अपने नृत्य, गायन और लोककलाओं से दर्शकों को राजस्थान की संस्कृति से परिचित कराया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व और पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा की देखरेख में आयोजित इस मेले में शिल्पकला के साथ-साथ देश-विदेश की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान खड़ताल वादन, चड़ी नृत्य, घूमर नृत्य, मयूर नृत्य और फूलों की होली जैसी पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। पद्मश्री गुलाबो सपेरा, गफरूद्दीन मेवाती, मगडाखान, अरूशिका, हरी शंकर, विष्णु शर्मा और खेमेंद्र सिंह सहित कई कलाकारों ने देर शाम तक शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
इस सांस्कृतिक संध्या में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद रहे और उन्होंने राजस्थानी परंपरा और लोक संस्कृति का भरपूर आनंद लिया।

