September 26, 2026

38 करोड़ की लागत से होगा राजा जैत सिंह स्टेडियम का निर्माण

Faridabad/Alive News: नीमका स्थित राजा जैत सिंह स्टेडियम के कायाकल्प के लिए राज्य सरकार 38 करोड़ रुपए खर्च करेगी। वहीं, स्टेडियम के बगल लगे राजा के चबूतरे और मूर्ति के नवनिर्माण के लिए भी 21 लाख रुपए की राशि खर्च होगी। यह बात मंत्री राजेश नागर ने कही। वह यहां नीमका में आयोजित अपने अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर 84 पाल की सरदारी ने 84 मीटर की पगड़ी पहनाकर मंत्री राजेश नागर को गुर्जर सम्राट की उपाधि से नवाजा और उन्हें राजा जैत सिंह की तस्वीर स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की। समाज ने अपना एक मांग पत्र भी मंत्री राजेश नागर को सौंपा। मंत्री नागर ने कहा कि वह उनके मान सम्मान पर कभी आंच नहीं आने देंगे।

इसके साथ ही यहां पर हमारे राजा जैत सिंह की प्रतिमा को भी भव्य रूप दिया जाएगा, जहां पर अनेक सामाजिक कार्यक्रम होते हैं। इसके बाद इन कार्यक्रमों को करने में और सुविधा मिल सकेगी।

मंत्री राजेश नागर ने कहा कि समाज में समरसता, एकता और भाईचारा बनाने की दिशा में युवा काम करें। मैं प्रार्थना करता हूं कि आपका इसी प्रकार से मुझे प्रेम मिलता रहे।