Noida/Alive News: लगातार एक सप्ताह तक बारिश के चलते मिली राहत अब खत्म होती दिख रही है। अब मौसम साफ होने के साथ शहर में तापमान लगातार बढ़ने का अनुमान है। सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, बारिश के दौरान सुधरी हवा की गुणवत्ता भी तेजी से बिगड़ गई है। ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई रेड जोन और नोएडा का एक्यूआई ऑरेंज जोन में पहुंच गया है।
रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप निकलने के बावजूद गर्मी और उमस अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के साथ मौसम अधिक गर्म होने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार और मंगलवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद बुधवार और गुरुवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। सप्ताह के अंत में शुक्रवार और शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उधर, बारिश के दौरान काफी बेहतर हुई हवा की गुणवत्ता अब फिर से खराब होने लगी है। ग्रेटर नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़कर 341 दर्ज किया गया है, जो रेड जोन की श्रेणी में आता है। वहीं, नोएडा का एक्यूआई 261 दर्ज किया गया, जो ऑरेंज श्रेणी में है। मौसम साफ रहने और बारिश नहीं होने के कारण आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता में और भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।

