June 6, 2026

बारिश से मिली गर्मी से राहत, आज बूंदाबांदी के आसार

Noida/Alive News: बीते दिन अचानक बदले मौसम और बारिश ने लोगों को लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत दिलाई। सुबह जहां तेज धूप और उमस का असर देखने को मिला, वहीं दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस बीच शहर का एक्यूआई भी स्थिर है। 

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश और तेज हवाओं के कारण वातावरण में ठंडक महसूस की गई।

मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दोनों दिनों में हल्की बूंदाबांदी होने के भी आसार हैं।

हालांकि राहत का यह दौर ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगा। रविवार से 10 जून तक तापमान में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इस अवधि में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस दौरान आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है और गर्मी का असर फिर बढ़ सकता है।

वहीं, वायु गुणवत्ता में भी आंशिक सुधार देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स 183 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 182 दर्ज किया गया। यह स्तर ‘मध्यम’ श्रेणी और येलो जोन में आता है। विशेषज्ञों का कहना है कि संवेदनशील वर्ग के लोगों को अभी भी लंबे समय तक खुले में रहने से बचना चाहिए।