May 3, 2024

गणित दिवस पर क्विज और अन्य रोचक कार्यक्रम आयोजित

Faridabad/Alive News: राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनएच तीन फरीदाबाद की सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, जूनियर रेडक्रॉस और गाइड्स ने प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय गणित दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड और जूनियर रेडक्रॉस प्रभारी प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बालिकाओं को संबोधन में कहा कि गणित के प्रेमियों के और गणित में रुचि लेने वालों के लिए आज एक महत्वपूर्ण दिन है गणितज्ञों का मानना है कि गणित का मानव जीवन के विकास में बहुत महत्व है।

लोगों को गणित के प्रति जागरुक करना इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य है। विश्व विख्यात गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन ने गणित को सरल बनाने और लोगों के बीच इसकी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए अत्यधिक प्रयास किए। 13 वर्ष की आयु में उन्होंने लंदन विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एस. एल. लोनी की विश्व प्रसिद्ध त्रिकोणमिति पर लिखित पुस्तक को पढ़कर अपनी स्वयं की मैथमेटिकल थ्योरी बनाई। उन्होंने बहुत ही कम आयु में बिना किसी की सहायता लिए प्रमेय की रचना की थी।

आज एक्टिविटीज कॉर्डिनेटर डॉक्टर गणित प्राध्यापिका जसनीत कौर ने प्राध्यापिका शिवानी, आशा और पूनम के सहयोग से गणित एस्टीमेशन प्रोसेस, क्विज, प्रोजेक्ट, एस रामानुजम पर आधारित लघु फिल्म और पोस्टर के माध्यम से गतिविधियां संचालित की। प्राचार्य ने गणित के सभी प्राध्यापकों और अध्यापकों का विभिन्न कार्यकलापों से राष्ट्रीय गणित दिवस पर विशेष आयोजन की सराहना की और बालिकाओं सृष्टि, निशा, भूमिका सहित सभी की बढ़ चढ़ कर प्रतिभागिता करने के लिए अभिनंदन किया। बालिकाओं ने गणित में भारतीय इतिहास, एस्टीमेशन थ्योरी तथा अन्य वर्किंग मॉडल्स बना कर गणित में रचनात्मकता का परिचय भी दिया।