June 6, 2026

हर सोमवार लगेगा जनसुनवाई शिविर, नगर निगम ने समस्याओं के जल्द समाधान का दिया भरोसा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में नगर निगम ने आम लोगों की समस्याओं को जल्दी सुलझाने के लिए साप्ताहिक “जनसुनवाई शिविर” शुरू किया है। यह शिविर अब हर सोमवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नगर निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल (कमरा नंबर 100) में लगाया जाएगा।

इस शिविर में महापौर प्रवीण बत्रा जोशी और नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा खुद मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें सुनेंगे। साथ ही, अलग-अलग विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े रहेंगे, ताकि शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

आज हुए शिविर में कई इलाकों की समस्याएं सामने आईं। इनमें गांव साहुपुरा (वार्ड-45) में गंदा पानी भरने की समस्या, वार्ड-18 में सीवर लीकेज, वार्ड-12 के पार्क में लाइट की कमी और पार्कों के सौंदर्यकरण से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं। इसके अलावा एसजीएम नगर के बौद्ध पार्क की हालत सुधारने, वार्ड-17 के पार्कों की सफाई और सेक्टर-15A में सड़कों पर घूम रहे गौवंश की समस्या भी उठाई गई। कुल मिलाकर 38 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं।

महापौर ने लोगों की समस्याएं ध्यान से सुनीं और भरोसा दिलाया कि नगर निगम उनकी समस्याओं को हल करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि इस शिविर का मकसद लोगों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचाना है और एक ही जगह समाधान देना है।

नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कुछ पार्कों के सुधार और मरम्मत के लिए अगले दिन तक खर्च का अनुमान (एस्टीमेट) तैयार करने को भी कहा। साथ ही, जिन समस्याओं का तुरंत समाधान हो सकता है, उन्हें पहले हल करने और बाकी मामलों की नियमित रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

इस मौके पर कई पार्षद और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।