Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के मुजेसर थाना क्षेत्र में सेक्टर-24 स्थित एक केमिकल वर्कशॉप में लगी भीषण आग और विस्फोट के दौरान लोगों की जान बचाते हुए रवि कुमार कश्यप शहीद हो गए। वे मूल रूप से क्योड़क गांव, जिला कैथल के रहने वाले थे और उनकी तैनाती मुजेसर थाने में थी।
पुलिस के अनुसार 16 फरवरी को केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही पीएसआई रवि कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत व बचाव कार्य शुरू करवाया। इसी दौरान आग ने अचानक विस्फोट का रूप ले लिया, जिससे कई लोग झुलस गए। लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश में वे स्वयं भी गंभीर रूप से झुलस गए।
घायल अवस्था में उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 21 फरवरी को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
रविवार को उनके पैतृक गांव क्योड़क में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। फरीदाबाद से पहुंचे सलामी गार्ड ने उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप अंतिम सलामी दी।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, परिजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों से वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
पीएसआई रवि कुमार कश्यप की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए पुलिस विभाग ने कहा कि उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए, जो सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।

